महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जालोर शहर में इस बार शिव शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों की 108 प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा में कुल 121 सुसज्जित वाहन शामिल होंगे, जिन पर मनमोहक और सजीव झांकियां सजाई जाएंगी। विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगी शोभायात्रा की शुरुआत आयोजन समिति के अनुसार शोभायात्रा की शुरुआत प्रातः 9.30 बजे श्री महावीर जीवदया गोशाला, प्रथम चरण औद्योगिक क्षेत्र से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की जाएगी। इसके बाद शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होती हुई आगे बढ़ेगी। शहर के मुख्य मार्गों से होकर आदर्श नगर में होगा समापन विशाल शिव कारवां शहर के मुख्य चौराहों और मार्गों से गुजरते हुए आदर्श नगर, नेहरू पार्क के सामने पहुंचकर विसर्जित होगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान शिव के विविध रूपों के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। शोभायात्रा के समापन के बाद उसी दिन रात्रि में आदर्श नगर स्थित जैन मंदिर के सामने विशाल भजन संध्या और जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर दिल्ली के सुप्रसिद्ध ‘लकी चालू जटाधारी एंड ग्रुप’ अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे। जागरण के दौरान जटाधारी ग्रुप द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव और अन्य भक्तिपूर्ण झांकियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम देर रात तक चलेगा और श्रद्धालु भक्ति संगीत में सराबोर रहेंगे।


