हनुमानगढ़ के नोहर कस्बे में शनिवार को लूट की एक वारदात हुई। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के हाथों से सोने के कंगन छीन लिए और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में नोहर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 34, नोहर निवासी श्यामसुंदर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शनिवार को उनकी पत्नी गायों को चारा डालने के लिए घर से निकली थीं। गौरव पथ पर ज्ञान मंदिर स्कूल के पास बाइक सवार दो युवक उनके पास आए। बदमाशों ने बातचीत का बहाना बनाकर महिला के हाथों में पहनी तीन सोने की चूड़ियों पर नजर गड़ाई। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, दोनों युवकों ने जबरन उसके हाथ पकड़कर सोने के कंगन छीन लिए। इसके बाद वे तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी दूर निकल चुके थे। आसपास मौजूद लोगों ने महिला को संभाला और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलते ही नोहर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मामले की जांच एएसआई महेंद्र को सौंपी गई है। कस्बे में इस तरह की घटनाओं के सामने आने से लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है।


