उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री व गुड़ामालानी से विधायक के के विश्नोई ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित अटल सेवा केंद्र में जनसुनवाई की। इस दौरान जिला परिषद में मनरेगा एक्सईएन राजेंद्र चौधरी की ओर से काम के बदले कमीशन मांगने की शिकायत पर मंत्री ने अधिकारी को जमकर फटकार लगाई। जनसुनवाई के दौरान ही अधिकारी को बुलाकर कहा कि नौकरी छोड़ कर नेतागिरी में आ जाओ, या हमें नेतागिरी करने दो। कमीशनखोरी से काम करते हो तो मैं नौकरी करना भूला दूंगा। काफी समय से शिकायत मिल रही है, सरपंच, प्रधान, विधायक और जनप्रतिनिधि आपके काम से संतुष्ट नहीं है।
धोरीमन्ना पंचायत समिति के लुखू ग्राम पंचायत के सरपंच आसूराम ने जिला परिषद में मनरेगा में कार्यरत एक्सईएन राजेंद्र चौधरी की शिकायत की थी। मंत्री ने मीटिंग में बैठे सीईओ और कलेक्टर को बोल कर एक्सईएन को बुलवाया। अधिकारियों ने बताया कि राजेंद्र चौधरी मनरेगा में सहायक अभियंता (एईएन) के पद पर कार्यरत है, लेकिन उन्हें एक्सईएन का चार्ज भी दिया हुआ है। सरपंच आसूराम ने कहा कि नाडी के काम के लिए फाइल लेकर गया था, एक्सईएन कहता है कि एक प्रतिशत कमीशन लेकर आओ तभी काम होगा। तब कहा था कि मैं एक रुपया नहीं दूंगा। मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को अपनी वर्किंग बदलनी होगी। अगर पुरानी सरकार से प्रभावित हो तो उसको भी चेंज करना चाहिए। सीईओ सिद्धार्थ पलनीचामी से बताया कि एईएन राजेंद्र चौधरी को 4 साल से एक्सईएन का अतिरिक्त चार्ज दे रखा है।


