अलवर के बहाला में आयोजित ग्रामोत्थान शिविर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज मैं अपने आप को बहुत ही सौभाग्यशाली मान रहा हूँ। आज यहाँ ग्रामोत्थान शिविर के माध्यम से हम अपने किसान भाइयों, बहनों और युवाओं को सौगात देने आए हैं। ये जो हमारे ग्रामोत्थान शिविर हैं, इनके माध्यम से हम उस अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाएँ पहुँचाना चाहते हैं, जिन्हें इन योजनाओं की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से हमने पहले ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अलवर जिले के लिए यह दिन अच्छा है, क्योंकि 152 करोड़ रुपये से अधिक की 201 विकास परियोजनाओं का यहाँ तोहफा मिला है। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, बुनियादी ढाँचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 52 कार्यों का शिलान्यास किया गया है। वहीं एक साथ लगभग 63 करोड़ रुपये की राशि से 149 विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ है। इन सभी विकास कार्यों के लिए उन्होंने लोगों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गाँव में किसान के पास जाएगी। हमारे अधिकारी गाँव-गाँव जाकर किसानों को योजनाओं का लाभ पहुँचाएँगे। हम चाहते हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का आपको पूरा लाभ मिले। नरेगा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को यह भी नहीं पता कि सिर पर साफी कब बाँधी जाती है। किसान सिर पर मुंडासा तब बाँधता है, जब वह सिर पर कोई सामान या वजन उठाता है, या फिर गर्मी और सर्दी के मौसम में। उन्होंने कहा कि विधानसभा में न तो सर्दी होती है और न ही गर्मी, फिर मुंडासा बाँधने का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि सिर पर मुंडासा बाँधने से कोई किसान नहीं बनता। किसान खेत में काम करते हुए और खेती का अनुभव प्राप्त करके किसान बनता है। जब इन्हें मुंडासे का ही ज्ञान नहीं है, तो इन्हें क्या पता कि नरेगा में किसान का काम कब चलना चाहिए और कब नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री महिला बहनों के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने सिर्फ ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया, लेकिन उनका किसान और मजदूर से कोई वास्तविक नाता नहीं रहा। पिछली सरकार में हुए पेपर लीक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि अपने बच्चों से कहिए कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें। हमारी सरकार ‘ना पर्ची की है, ना खर्ची की’। युवाओं को पूरा मौका मिलेगा और उन्हें किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि रामगढ़ की जनता ने आपके आह्वान पर विगत उपचुनाव में सुखवंत सिंह को भारी बहुमत से विजय दिलाई। इसके बाद उन्होंने कहा कि वे तीन ऐसे कार्य गिना सकते हैं, जो रामगढ़ के हर व्यक्ति को प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में व्यक्ति देखकर पंचायतें बनाई जाती थीं, लेकिन इस बार पंचायत परिसीमन बिना किसी भेदभाव के किया गया है। इसके तहत 25 नई पंचायत समितियाँ बनाई गई हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार रामगढ़ उपचुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ, उसी प्रकार आने वाले पंचायत चुनावों में पूरे अलवर और रामगढ़ से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने वाला है।


