पाली | बिजली वितरण कंपनी की रजत जयंती के अवसर पर बिजली विभाग पाली द्वारा मंगल भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हर महीने समय पर बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि बिजली विभाग घर-घर रोशनी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पिछले 25 सालों में प्रदेश में बिजली व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि अब आने वाला समय सौर ऊर्जा का है, इसलिए सभी को सोलर ऊर्जा के बारे में जानकारी लेकर उसका अधिक उपयोग करना चाहिए। इससे देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा। कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, ज्ञान सिंह राजपाल, जनपद सदस्य और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा, मुकेश अग्रवाल और दीपक शर्मा ने भी अपने विचार रखे। स्वागत भाषण सब डिवीजन के सहायक अभियंता नारायण सोनी ने दिया। कार्यक्रम का संचालन ततवील कोराम ने किया। इस मौके पर जूनियर इंजीनियर मुंजी टोप्पो, शरद पटेल, गिरवर सिंह, संतोष साहू, संजीव साहू, आल्हा, शशांक, वीरेंद्र कुमार, नम्रता कंवर, सुरेश प्रधान और भागवत कोसले उपस्थित थे।


