गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के स्थापना दिवस पर 10 फरवरी को जिला स्तरीय अरपा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री के दो दिवसीय जिला प्रवास और अरपा महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने अधिकारियों की बैठक ली। यह महोत्सव हर साल की तरह इस वर्ष भी मल्टी परपज स्कूल मैदान पेण्ड्रा में आयोजित होगा। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की गई। अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में विभागीय स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों के मनोरंजन के लिए मेला, झूले और फूड जोन लगाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। अरपा महोत्सव में 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह कलेक्टर ने बताया कि अरपा महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके अलावा अलग-अलग विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण होगा। हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत सामग्री और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए जाएंगे। जिला चिकित्सालय भवन का भूमि पूजन और वृक्षारोपण मुख्यमंत्री जिला चिकित्सालय भवन का भूमि पूजन करेंगे और चिकित्सालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया जाएगा। टीबी मुक्त घोषित 51 पंचायतों, बाल विवाह मुक्त 71 पंचायतों और गौरेला एवं पेण्ड्रा के 2 नगरीय निकायों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। अधिकारियों ने महोत्सव स्थल का किया निरीक्षण कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने और महोत्सव को गरिमामय तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी और जिला पंचायत सीईओ सहित अन्य अधिकारियों ने महोत्सव स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने महोत्सव स्थल के पास बने हेलीपैड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और चलित शौचालय सहित सभी तैयारियों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


