बारां में मंत्री दिलावर गंदगी देखकर भड़के:स्वच्छता अभियान की राशि की होगी वसूली, अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को बारां और किशनगंज पंचायत समिति की चार ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। केलवाड़ा में एक उद्घाटन समारोह में जाते समय उन्होंने यह दौरा किया। निरीक्षण के दौरान गांवों में गंदगी, जाम नालियां और सड़कों पर गंदा पानी भरा देखकर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्वच्छता अभियान की राशि के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए संबंधित अधिकारियों से वसूली और कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री दिलावर सुबह करीब 10:30 बजे सबसे पहले ग्राम पंचायत संबलपुर पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा सफाई न कराने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से नालियां जाम हैं और नियमित सफाई नहीं हो रही है। मंत्री ने ग्रामीणों के साथ पूरे गांव का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर ही पंचायत समिति बारां की विकास अधिकारी से जवाब तलब किया। मंत्री ने सवाल किया कि जब हर महीने सफाई के लिए अलग से राशि दी जा रही है, तो गांव में सफाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्वच्छता अभियान की राशि का उपयोग निर्माण कार्यों में किया गया है, तो पूरी वसूली की जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि ग्राम विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक अभियंता और ग्राम पंचायत के प्रशासक सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों से यह राशि वसूल की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता अभियान की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और प्रभारी नोडल अधिकारी गैरमौजूद पाई गईं, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताई और उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री ने ग्राम पंचायत रानीवाड़ा और किशनगंज का भी निरीक्षण किया। किशनगंज में गंदगी के ढेर और सड़कों पर भरे गंदे पानी को देखकर मंत्री ने विकास अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। फल्दी ग्राम पंचायत के निरीक्षण में सरकारी स्कूल परिसर में गंदगी मिली और पुराने शौचालय पर ‘पिंक टॉयलेट’ लिखा पाया गया। इस पर मंत्री ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने किशनगंज ग्राम पंचायत में पिछले पांच वर्षों में कराए गए सभी निर्माण कार्यों की जांच के लिए जयपुर से विशेष जांच दल भेजने के आदेश भी दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *