बीडीसी के घर मिली 2 लाख की अवैध लकड़ी

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर/​कांसाबेल जशपुर जिले के कांसाबेल वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। विभाग ने स्थानीय बीडीसी के घर पर छापेमारी कर लगभग दो लाख रुपए मूल्य की अवैध साल प्रजाति की लकड़ी (चिरान) जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में लकड़ी तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई एसडीओ पत्थलगांव एसके कंवर के स्पष्ट निर्देशों पर की गई। वन विभाग को कांसाबेल रेंज के अंतर्गत बीट साजापानी (आरएफ 1072) क्षेत्र में बीडीसी निराला टोप्पो के ठिकानों पर भारी मात्रा में अवैध रूप से काटी गई साल लकड़ी रखे जाने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने पहले इसकी पुष्टि की और फिर सर्च वारंट लेकर टीम को मौके पर रवाना किया गया। वन विभाग की टीम ने जब संबंधित परिसर में गहन तलाशी ली तो वहां से साल प्रजाति की लगभग दो ट्रैक्टर अवैध लकड़ी बरामद की गई। लकड़ी को मौके पर ही जब्त करते हुए जब्ती पंचनामा तैयार किया गया और वन अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह लकड़ी बिना किसी वैध अनुमति के जंगल से काटी गई थी और अवैध रूप से संग्रहित की गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *