एथेनॉल प्लांट विवाद: 11 फरवरी को महापंचायत:चक्का जाम, ट्रेन रोकने की चेतावनी; एसपी ने शांति की अपील

हनुमानगढ़ के राठीखेड़ा में प्रस्तावित एथेनॉल प्लांट के विरोध में चल रहा आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। संघर्ष समिति ने 11 फरवरी को तलवाड़ा झील में एक विशाल महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। समिति ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए आंदोलन को निर्णायक मोड़ तक ले जाने की बात कही है। उनकी प्रमुख मांगों में फैक्ट्री का एमओयू रद्द करना और आंदोलन के दौरान दर्ज हुए मुकदमों को वापस लेना शामिल है। संघर्ष समिति से जुड़े रवि जोसन, नितिन ढाका, रवि रिणवां और महंगा सिंह गांवों में जनसंपर्क कर रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत में समिति सदस्यों ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए रेल रोकने और प्रमुख सड़कों पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। समिति ने कहा है कि इस बार आंदोलन पहले से कहीं अधिक तीव्र और व्यापक होगा।
गौरतलब है कि एथेनॉल प्लांट के विरोध में अब तक तीन बड़ी महापंचायतें हो चुकी हैं। पूर्व में टिब्बी में हुई एक महापंचायत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए थे, जिसमें निर्माणाधीन प्लांट स्थल पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। इन्हीं अनुभवों के चलते इस बार भी क्षेत्र में तनाव की आशंका जताई जा रही है। महापंचायत की घोषणा के बाद जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर स्वयं सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने तलवाड़ा झील थाने में सीएलजी सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की बैठक ली। एसपी ने 11 फरवरी को शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। एसपी ने टिब्बी, तलवाड़ा और संगरिया क्षेत्र के लोगों से संयम बरतने का आग्रह किया। बैठक में उन्होंने जिले में नशा तस्करी और सट्टे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियानों की जानकारी भी दी और आमजन से सहयोग मांगा। इस दौरान संगरिया वृत्ताधिकारी रमेशचंद्र माचरा, टिब्बी एसडीएम सत्यनारायण सुथार, थानाधिकारी जगदीश सिंह और नायब तहसीलदार सूर्यदेव स्वामी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *