आधी रात को किराना दुकान खुलवाने पहुंचे दबंग:सतना में गोली चलने से पिता-पुत्र समेत 4 लोग घायल

सतना जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र के चंदई गांव में बुधवार देर रात एक किराना दुकान पर हुए विवाद में गोली चलने से चार लोग घायल हो गए। घटना आधी रात करीब साढ़े 12 बजे की है, जब पिंटू पयासी, भोलू पयासी और सोलू पयासी नामक व्यक्ति माही किराना और जनरल स्टोर पर पहुंचे और जबरन दुकान खुलवाने की मांग करने लगे। दुकान की शटर बंद होने पर आरोपियों ने पहले शटर पीटी और फिर लाठियां बरसाने लगे। शोर सुनकर दुकान मालिक की पत्नी उर्मिला कुशवाहा ने जब बगल का दरवाजा खोला तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए दुकान में घुस आए। उर्मिला की आवाज सुनकर उसके पति राम भइया, बेटा और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। विरोध करने पर आरोपियों ने फोन कर अपने 4 अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से परिवार पर हमला कर दिया और इसी दौरान किसी ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली 17 वर्षीय सत्येंद्र कुशवाहा के पैर में लगी। घटना में राम भइया कुशवाहा (35), सागर कुशवाहा (12), शिवबालक कुशवाहा (61) और सत्येंद्र कुशवाहा (17) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जैतवारा पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। थाना प्रभारी विजय सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *