इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक रोमांचक आयोजन की शुरुआत हो गई है। स्वर्गीय दीपक पटेल की स्मृति में ऑर नाइन क्रिकेट एकेडमी द्वारा दीप टी-10 क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। आर नाइन क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू हुए इस टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश की विभिन्न टीमें अपना दमखम दिखाएंगी। टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में एमटीवी हसल सीजन 4 के विजेता रैपर लैश करी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मथुरा देवी कॉलेज के निदेशक राधेश्याम पटेल, राष्ट्रीय कांग्रेस समिति के सचिव सत्यनारायण पटेल, ऑर नाइन इंटरनेशनल के निदेशक राहुल पटेल, प्रज्ञा गर्ल्स स्कूल की अध्यक्ष रेणु गेहलोत और गीता रामेश्वर ट्रस्ट के निदेशक विनोद पटेल शामिल रहे। समारोह को और भी यादगार बनाते हुए प्रज्ञा स्कूल के बैंड ने प्राचार्य डॉ. राशि शाह के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत किया। यह टूर्नामेंट 16 फरवरी तक चलेगा, जिसमें 10-10 ओवर के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।


