इंदौर के राऊ इलाके में मिले एक युवक के शव की पहचान होने के बाद रविवार को उसके परिजन उत्तर प्रदेश से इंदौर पहुंचे। युवक के पिता और बहन ने उसकी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पति की मौत के बाद ही पत्नी अपने रिश्तेदार के साथ मायके चली गई। राऊ पुलिस के अनुसार, एमराल्ड स्कूल के पीछे 5 फरवरी की देर रात एक युवक ने कथित रूप से आत्महत्या की थी। शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी पहचान प्रवीण काछी, पिता राजकुमार काछी, के रूप में हुई। प्रवीण राऊ की एक चॉकलेट फैक्ट्री में काम करता था और मूल रूप से इटावा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। प्रवीण की पहचान होने के बाद उसके परिजन रविवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने पत्नी अवनी और उसके मायके पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। पिता राजकुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद इंदौर में रहने वाले रिश्तेदारों के साथ मिलकर अवनी ने मारपीट की थी। इसके बाद प्रवीण घर से चला गया था। पुलिस ने बताया कि उसी रात अवनी थाने पहुंची थी और उसने पति प्रवीण के लापता होने की सूचना दी थी। पुलिस ने एक दुर्घटना की जानकारी देते हुए पहचान की प्रक्रिया कराई थी। पति के शव के बिना यूपी पहुंची पत्नी इधर, रविवार को पुलिस ने प्रवीण के शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन उसकी पत्नी अवनी वहां नहीं पहुंची। पुलिस के मुताबिक, वह प्रवीण के पिता और बहन के इंदौर पहुंचने से पहले ही उत्तर प्रदेश में अपने मायके चली गई थी। वहीं, प्रवीण के पिता और बहन ने पुलिस से पूरे मामले की जांच की मांग की है।


