दतिया में थरेट थाना अंतर्गत ग्राम पचैरा में पुराने विवाद को लेकर बघेल एवं परिहार समाज के लोगों के बीच शनिवार दोपहर मारपीट हो गई। घटना का करीब 17 सेकंड का वीडियो रविवार को वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। ग्राम पचैरा में पहले से चले आ रहे विवाद के चलते दोनों समाजों के लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्ष थरेट थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराने की तैयारी की। थाना प्रभारी अरविंद भदौरिया ने बताया कि शनिवार को बघेल एवं परिहार समाज के लोगों के बीच मारपीट की घटना सामने आई थी। दोनों पक्ष थाने आए थे, लेकिन आपसी समझाइश के बाद राजीनामा कर लिया गया। दोनों पक्षों द्वारा लिखित में आवेदन दिया गया है। पुलिस ने मामले को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बांड ओवर की कार्रवाई की है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और पुलिस द्वारा नजर रखी जा रही है।


