दतिया में थरेट थाना अंतर्गत ग्राम सेगुवां स्थित शंकर जी एवं माता मंदिर में रविवार सुबह एक युवक ने नशे की हालत में मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट कर दी और मंदिर में लगे माइक व पी.ए. सिस्टम में तोड़फोड़ कर दी। मंदिर के पुजारी आशीष रविवार सुबह करीब 8 बजे मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सेगुवां निवासी नंदू उर्फ नरेन्द्र उर्फ नरेश यादव पिता कल्यान सिंह यादव नशे की हालत में मंदिर परिसर में पहुंचा। आरोपी ने पुजारी से विवाद करते हुए उनके साथ मारपीट की तथा मंदिर में लगे माइक और पी.ए. सिस्टम को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पुजारी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना थरेट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अरविंद भदोरिया ने बताया कि फरियादी पुजारी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के निवास पर दबिश दी और घटना के महज एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


