बुरहानपुर में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर शनवारा चौराहा से गणपति नाका थाने तक डिवाइडर का निर्माण कार्य जारी है। नगर निगम द्वारा पिछले लगभग 20 दिनों से यह कार्य कराया जा रहा है, जिसके चलते सड़क को वन-वे कर दिया गया है। सड़क के एक तरफ पूरी तरह बंद होने के कारण छोटे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की अधिक संख्या होने पर यहां जाम की स्थिति भी बन रही है। बड़े वाहनों को गणपति नाका से हमीदपुरा रोड, सिंधी बस्ती, रेणुका रोड और शिकारपुरा थाना मार्ग होते हुए शाहपुर की ओर मोड़ा जा रहा है। यह निर्माण कार्य नगर के सौंदर्यीकरण योजना के तहत किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, डिवाइडर बनने से भविष्य में सड़क हादसों में कमी आएगी। यह इंदौर-इच्छापुर हाईवे है, जिससे प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। मार्ग पर कुछ ब्लैक स्पॉट भी हैं जहां दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है। नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्य कुछ ही दिनों में पूरा हो जाएगा। डिवाइडर बनने से वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा होगी और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।


