रायसेन जिले के औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप स्थित अदिति ट्रांसफॉर्मर कंपनी में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच हुई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें दूर से भी देखा जा सकता था। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लगभग 5 से 6 दमकल वाहनों और आसपास की फैक्ट्रियों से बुलाई गई अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक हुआ
औबेदुल्लागंज एसडीओपी शीला सुराणा ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। मंडीदीप थाना प्रभारी रंजीत सराठे के अनुसार, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


