रायसेन में रविवार को रवि खत्री को श्री हिंदू उत्सव समिति का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। समिति ने इस बार अध्यक्ष का कार्यकाल एक वर्ष से बढ़ाकर दो वर्ष कर दिया है, जिससे संगठन में एक बड़ा बदलाव आया है।नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्री हिंदू उत्सव समिति की चुनाव प्रक्रिया के दौरान उत्साह का माहौल रहा। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में रवि खत्री के पक्ष में एकमात्र नामांकन जमा होने के कारण उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया।हिउस अध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया 3 फरवरी से शुरू हुई थी। पहले चरण में 3 से 5 फरवरी तक सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसमें 123 लोगों ने दो वर्षीय सदस्यता ली। सदस्यता शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया था। चुनाव कार्यक्रम के तहत 7 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन फार्म बिक्री का समय तय था। साथ ही, सदस्यता अभियान चलाकर नए सदस्यों को चुनाव प्रक्रिया में जोड़ा गया है, ताकि समिति में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। रवि खत्री के निर्वाचन की घोषणा होते ही रायसेन नगर के युवाओं ने इस निर्णय का स्वागत किया। समर्थकों और युवाओं ने आतिशबाजी कर हर्ष व्यक्त किया। युवाओं का मानना है कि रवि खत्री के नेतृत्व में समिति आने वाले त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई ऊर्जा और भव्यता के साथ संपन्न कराएगी।


