डिंडौरी के जोगी टिकरिया गांव में स्थित निर्माणाधीन बाल हनुमान मंदिर की पानी की टंकी में महिला का शव मिला है। यह घटना जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे के पास की है। मंदिर के पुजारी पवन दास त्यागी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे जब वे पानी लेने के लिए टंकी के पास पहुंचे, तब उन्होंने महिला का शव देखा। पुजारी ने तुरंत ग्रामीणों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी। मंदिर का निर्माण जन सहयोग से हो रहा है और काम बंद होने के कारण पिछले तीन-चार दिनों से वहां कोई नहीं था। पहचान की कोशिश जारी शाहपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पंचनामा तैयार किया। पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, महिला को पहले कभी गांव में नहीं देखा गया था, जिससे अंदेशा है कि वह कहीं बाहर की रहने वाली थी। पुलिस की कार्रवाई सब-इंस्पेक्टर निरंजन सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आसपास के इलाकों और थानों में महिला का हुलिया भेजकर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।


