सलूंबर जिले के सेमारी कस्बे में बीती रात अज्ञात चोरों ने 9 सूने मकानों और एक विवाह समारोह वाले घर को निशाना बनाया। एक ही रात में हुई इन वारदातों से कस्बे में हड़कंप मच गया है। सूने मकान को बनाया निशाना
सेमारी के जोशी दमावत मोहल्ले में तोलाराम जोशी के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर मुख्य दरवाजे की सांकल तोड़कर घर में घुसे और अलमारी, पलंग पेटी व बिस्तर के ताले तोड़कर कीमती जेवरात व नकदी चुरा ली। मकान मालिक तोलाराम जोशी परिवार सहित रिश्तेदार की शादी में गए हुए थे। तीसरी मंजिल की छत से घुसे
सुथार मोहल्ले में सुरेश सुथार के घर में भी चोरी हुई। चोर तीसरी मंजिल की छत से खिड़की के रास्ते दाखिल हुए और अलमारी के ड्रॉवर से करीब 50 हजार रुपए नकद चुरा लिए। यह घटना तब हुई जब घर में विवाह समारोह चल रहा था और परिवार के सदस्य आंगन में नाच-गाना कर रहे थे। घटना के दौरान, बड़े भाई की बच्ची कंबल लेने ऊपर कमरे में गई, जहां उसने चोरों को देख लिया और चिल्लाई। बच्ची की आवाज सुनकर चोर नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। सदर बाजार में खुबीलाल जैन के मकान में किराए पर रह रहे महेश कुमार माहेश्वरी के घर में भी चोरी हुई। चोरों ने अलमारी खंगालकर एक डिब्बे से आधा तोला सोने के टॉप्स और दूसरे डिब्बे से करीब 32 हजार रुपए नकद चुरा लिए। इसके अतिरिक्त, चोरों ने नरेश औदीच्य सहित 7 अन्य मकानों के ताले भी तोड़े। हालांकि कुछ मकानों से चोरी का सामान नहीं मिला, लेकिन सभी घरों में तोड़फोड़ की गई। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
चोरी की घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और अज्ञात चोरों की तलाश में जांच शुरू कर दी है। एक ही रात में इतनी वारदातों के बाद सेमारी कस्बे के लोगों में चिंता का माहौल है और वे रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।


