अशोकनगर में नदी किनारे अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़:करीला मेला में खपाने की तैयारी थी; 500 लीटर शराब और 5000 लीटर लहान नष्ट

अशोकनगर के माधौगढ़ गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नदी किनारे चल रही अवैध शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। रविवार तड़के करीब 4 बजे कचनार सहित जिले के कई थानों की पुलिस ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नदी में जलती हुई भट्टियां मिलीं, जिनसे कच्ची शराब तैयार की जा रही थी। मौके से झाड़ियों में छिपी 500 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा, जमीन में गाड़कर रखी गई प्लास्टिक की बड़ी टंकियों में करीब 5000 लीटर लहान मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने सर्चिंग ऑपरेशन में ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया, जिससे छिपे ठिकानों का पता चला। कार्रवाई में एसडीओपी विवेक शर्मा, कचनार थाना प्रभारी पूनम सेलर, देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा सहित अन्य पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रमेश पारदी के पास से 150 लीटर, पट्टा पारदी के पास से 110 लीटर, जबकि श्यामलाल और प्रहलाद पारदी के पास से 30-30 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। पठारी क्षेत्र में अज्ञात आरोपियों द्वारा बनाई जा रही 180 लीटर शराब भी बरामद हुई। टंकियां और अन्य उपकरण भी जब्त
पुलिस के अनुसार, यह अवैध शराब आगामी करीला मेला में खपाने की तैयारी थी, जिसके लिए नदी किनारे यह फैक्ट्री स्थापित की गई थी। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कुल 6 प्रकरण दर्ज किए हैं। जब्त शराब की कीमत लगभग 75,500 रुपए और नष्ट किए गए लहान की कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही टंकियां और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। नदी के पानी को दूषित करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 279 भी जोड़ी गई है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी करीला मेला को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और ऐसी कार्रवाइयों में और तेजी लाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *