रीवा में शादी का झांसा देकर यूनिवर्सिटी छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने आरोपी अवधेश रजक (निवासी नागौद, सतना) के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी ने यूनिवर्सिटी कैंपस में दोस्ती कर छात्रा को किराए के कमरे में बुलाया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी अवधेश रजक से उसकी पहचान अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (APS) परिसर में हुई थी। इसी दोस्ती का फायदा उठाकर वह उसे नीम चौराहा स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया था। वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल आरोप है कि कमरे पर आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने चोरी-छिपे छात्रा के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा और लगातार उसका शारीरिक शोषण किया। विरोध किया तो फोटो कर दिए वायरल जब छात्रा ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया, तो उसने कथित तौर पर वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इससे आहत होकर युवती ने विश्वविद्यालय थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


