जबलपुर में ‘ग्रिप एंड ग्लोरी’ टर्फ में एक शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जबलपुर, कटनी और उमरिया सहित आसपास के क्षेत्रों से लगभग 150 बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा (लगभग 16 वर्ष तक) के बच्चों के लिए विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए। एक प्रतिभागी दिव्यांश ने बताया कि वह तीन साल से शतरंज खेल रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि कुल आठ मुकाबले होने हैं, जिनमें से चार हो चुके हैं। दिव्यांश ने दो मुकाबले जीते और दो हारे हैं। मझौली से आईं डॉ. शैलजा ने बताया कि इस तरह के खेल बच्चों के मानसिक विकास में सहायक होते हैं। यह निर्णय लेने की क्षमता और एकाग्रता को बढ़ाते हैं, साथ ही बच्चों को मोबाइल से दूर रखते हैं। अभिभावक प्रष्मित कौर ने भी इस बात पर जोर दिया कि शतरंज बच्चों को मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन से दूर रखकर उनके मानसिक विकास, एकाग्रता और निर्णय क्षमता को मजबूत करता है। इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रियांश, तेजल और कोच जॉनी के मार्गदर्शन में किया गया। विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।


