डीग के कस्बा जनूथर स्थित भूतेश्वर मंदिर परिसर में रविवार को एक विराट सर्व हिन्दू समाज सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मंदिर के महंत सियाराम दास मुख्य अतिथि और लालदास मंदिर के महंत श्यामदास विशिष्ट अतिथि रहे। सम्मेलन से पूर्व, श्याम पाराशर के नेतृत्व में महिलाओं ने एक भव्य कलश यात्रा निकाली। यह यात्रा भूतेश्वर मंदिर परिसर से शुरू होकर कस्बे के मुख्य बाजार, दीवान थोक, सैनी मोहल्ला और ऊंचे-नीचे नगला से होते हुए वापस मंदिर पहुंची। महिलाओं ने नए परिधानों में सिर पर मंगल कलश धारण किए और डीजे की भक्तिमय धुन पर उत्साह दिखाया। युवाओं और सर्वसमाज के लोगों ने राम ध्वजा और बैनर के साथ ‘श्री राम’ के जयघोष किए, जिससे पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया। विभिन्न मार्गों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया।
कलश यात्रा के समापन के बाद, महंत सियाराम दास ने भगवान राम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर सर्व समाज हिंदू सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया। मंदिर परिसर में महात्मा गांधी स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान और देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। विभाग प्रचारक उत्कर्ष ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें जातिगत मतभेदों से ऊपर उठकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ जीवन व्यतीत करना चाहिए। उन्होंने जैविक खेती, गौ रक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया। कुटुंब उद्बोधन के दौरान, महंत सियाराम दास ने एकल परिवारों के बढ़ते चलन और आपसी अलगाव पर चिंता व्यक्त की।
सम्मेलन में संयुक्त परिवारों को बढ़ावा देने के लिए कई लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें शिब्बी जाट (17 सदस्यीय परिवार), लाल सिंह जाटव (27 सदस्यीय परिवार), सतीश खंडेलवाल (18 सदस्यीय परिवार) और महेंद्र बामनिया शामिल थे। इसके अतिरिक्त, अपना घर सेवा समिति के अध्यक्ष गिर्राज प्रसाद सैनी को बुजुर्गों को आश्रम पहुंचाने, कस्बे के गौ रक्षा दल (गोविंद शाक्य और विवेक प्रताप सिंह की टीम) को गौ सेवा के लिए, गारौली निवासी परशुराम (पुत्र छिद्दी जाट) को गौपालन के लिए और दुलीचंद जाटव को अपने सभी सदस्यों का विवाह दिन में संपन्न कराने के लिए सम्मानित किया गया।


