तीन दिन से मोहल्ले में मृत पड़ी गाय,कुत्ते नोच रहे:बीजेपी पार्षद बोले-शिकायत के बाद भी निगम की टीम नहीं आई,दुर्गंध से परेशान

अलवर शहर के गणपति विहार, वार्ड नंबर 61 में पिछले तीन दिनों से एक मृत गाय पड़ी हुई है, लेकिन नगर निगम की टीम उसे उठाने नहीं पहुंची है। मोहल्लेवासियों ने इस संबंध में नगर निगम को कई बार फोन कर शिकायत दर्ज कराई, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। मृत गाय को कुत्ते नोचते हुए नजर आए, जिससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि मोहल्ले से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। मोहल्लेवासियों ने इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद सतीश यादव को भी अवगत कराया। इसके बाद भाजपा पार्षद ने शनिवार को ही नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शिकायत के बाद भी निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे पार्षद भी नाराज नजर आ रहे हैं। वार्ड निवासी जगदीश सैनी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से गाय मृत अवस्था में वहीं पड़ी है। नगर निगम की टीम को कई बार फोन किया गया, लेकिन कभी फोन उठाया नहीं जाता और कभी फोन उठाने पर यह कहकर टाल दिया जाता है कि हमें परेशान क्यों कर रहे हो। इसके बाद मजबूर होकर वार्ड पार्षद को शिकायत की गई। वहीं वार्ड पार्षद सतीश यादव ने बताया कि शनिवार को ही नगर निगम की टीम और कमिश्नर को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद निगम की टीम कोई सुध नहीं ले रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *