बैतूल बाजार पुलिस ने महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाए जा रहे पांच वाहनों को जब्त कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 12 गोवंशों को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी व एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को कोलगांव रोड, अयोध्या लॉन और आठनेर रोड बडोरा क्षेत्र में गोवंशों से भरे वाहनों के महाराष्ट्र जाने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी वाहनों को पकड़ा। जब्त किए गए वाहनों में पांच पिकअप और एक अशोक लीलैंड वाहन शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 11 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है। इन वाहनों में भरे 12 गोवंशों की कीमत करीब 2 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। सभी आरोपियों के पास गोवंश परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9, 11 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है। मुक्त कराए गए गोवंशों को त्रिवेणी गोशाला में सुरक्षित रखा गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोरेलाल यादव, मुकेश कहार, चेतराम, मनीष यादव, अनिल कहार, रमेश यादव, इंगल यादव, अक्षय कुसंगे, प्रतीक सायवान, ऋतविक उमाडे और ऋषिकेश मैटकर शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि जिले में गोवंश तस्करी या पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से ऐसे किसी भी अवैध परिवहन या तस्करी की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर देने की अपील की है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विनोद मालवीय, नरेंद्र सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अशोक झरबड़े, आरक्षक प्रकाश धुर्वे, अरुण लौवंशी, माखन पाल, विशाल, कमल पवार, कमल चौरे, महिला आरक्षक अंकिता शर्मा और संजू धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


