छतरपुर के हमा गांव में संत रविदास महाराज की मूर्ति तोड़ी गई, ग्रामीणों में आक्रोश
छतरपुर जिले के ग्राम हमा में संत शिरोमणि रविदास महाराज की मूर्ति को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने शनिवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से गांव में भारी आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और खंडित मूर्ति को अपने कब्जे में ले लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि संत रविदास महाराज समाज में समरसता, समानता और भाईचारे के प्रतीक हैं। उनकी मूर्ति को नुकसान पहुंचाना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है। पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। खंडित मूर्ति को अभिरक्षा में लेकर थाने में सुरक्षित रखा गया है। इस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रविवार को फिर प्रदर्शन
रविवार को ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के लोग सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाते हुए उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। भीम आर्मी का आरोप
भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष संतोष रैदास ने आरोप लगाया कि मूर्ति तोड़ने वाला व्यक्ति गांव का गुंडा बदमाश जीतेंद्र यादव है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। संतोष रैदास ने कहा कि आरोपी ने घटना से एक रात पहले गांव में गाली-गलौज कर समाज के लोगों को धमकाया था और उसी ने मंदिर से मूर्ति तोड़कर फेंकी। पुलिस की कार्रवाई
सिटी कोतवाली टीआई अरविंद दांगी ने बताया कि ग्राम हमा में मूर्ति खंडित करने की घटना पर अपराध दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों द्वारा जिन लोगों के नाम बताए गए हैं, उनके आधार पर विधि अनुरूप जांच और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


