20 करोड़ की लागत से बनाए विजयाराजे सिंधिया बहुउद्देशीय खेल परिसर में एक करोड़ की शूटिंग रेंज की सौगात खिलाड़ियों को दी है लेकिन यहां इलेक्ट्रॉनिक इक्यूपमेंट और कोच का इंतजार है। खेल परिसर का तो उद्घाटन हो चुका है लेकिन शूटिंग रेंज तभी शुरू हो पाएगी जब इसके लिए शासन स्थायी कोच की नियुक्ति करेगा। निशानेबाजी को लेकर नई पीढ़ी में रुझान बढ़ रहा हैं। इस खेल में भी मप्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाए इसके लिए मप्र में भोपाल के बाद चौथी शूटिंग रेंज उज्जैन में खोली गई है। नानाखेड़ा स्थित बहुउद्देशीय खेल परिसर में आधुनिक शूटिंग रेंज बनायी गई है। इससे शूटिंग का शौक रखने वाले बच्चों को प्रॉपर तरीके से शूटिंग रेंज में रायफल, पिस्टल से निशानेबाजी सीखने और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग स्पर्धा में शामिल होकर शहर का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। इसी उद्देश्य को लेकर शूटिंग रेंज बनायी गई है लेकिन यहां खिलाड़ी निशाना कैसे लगाए इसके लिए न तो इलेक्ट्रॉनिक सामग्री विदेश से नहीं आई व अभी कोच को लेकर मप्र खेल संचालनालय ने कोई निर्णय लिया है। विजयाराजे सिंधिया बहुउद्देशीय खेल परिसर में बनाई गई शूटिंग रेंज, जिसका उद्घाटन तो हो गया पर शुरू नहीं हुई। संचालनालय को पत्र लिख चुके जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ओपी हारोड़ ने बताया कि उज्जैन की पहचान अब शूटिंग रेंज के लिए भी होगी। शूटिंग रेंज की सौगात शासन ने दी है। इससे कई खिलाड़ी इस खेल भी तैयार होंगे। उपकरण व सामग्री की जरूरत है जो खेल संचालनालय भोपाल से टेंडर कर मंगवाए जाएंगे। इलेक्ट्रानिक इक्यूपमेंट व एक स्थाई कोच को लेकर भोपाल खेल संचालनालय को पत्र लिख दिया है ताकि शूटिंग रेंज नियमित रूप से जल्द से जल्द शुरू हो ताकि खिलाड़ियों को शासन की न्यूनतम दर पर प्रशिक्षण दे सके अगले माह शुरू हो जाएगी एक करोड़ की लागत से शूटिंग रेंज शुरू करने जा रहे है। रेंज के लिए बिल्डिंग बन चुकी है व शूटिंग के लिए गन, रायफल, पिस्टल व अन्य उपकरण की भी टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। स्थायी कोच भी रहेगा। अगले माह जनवरी 2025 में हर हाल में शूटिंग रेंज शुरू हो जाएगी। वैभव शर्मा, शूटिंग प्रशिक्षक खेल संचालनालय भोपाल


