बिना हेलमेट पहनकर वाहन चलाना शहरवासियों को इन दिनों खासा महंगा पड़ रहा है। सीओ सिटी उषा यादव के नेतृत्व में लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रही। गुरुवार को पाली शहर के मस्तान के बाबा के पास सीओ सिटी उषा यादव टीम के साथ खड़ी रही और बिना हेलमेट पहनने नजर आने वाले वाहन चालकों को रोका और उनके चालान काटने की कार्रवाई की गई। करीब दो घंटे तक यह कार्रवाई चलती रही। ऐसे में कई वाहन चालक पुलिस को देख रास्ता बदलकर जाते नजर आए तो जो पकड़े गए वे चालान कटने से बचने के लिए बहाना बनाते नजर आए। लगातार तीन दिनों से शहर में हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई होने से कई लोगों ने हेलमेट पहनना शुरू भी कर दिया है। बता दें कि पाली जिले में गत वर्ष सड़क हादसे में 326 की मौत हुई और 475 लोग घायल होकर हॉस्पिटल पहुंचे। हादसों में जिनकी जान गई उनमें भी 40 साल से कम उम्र के लोगों की संख्या ज्यादा है। इससे भी खास बात यह है कि मरने वालों में टू व्हीलर सवार लोगों की संख्या ज्यादा है। ऐसे में लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने के लिए पाली पुलिस पिछले तीन दिनों से लगातार हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के चालान कर रही है। ताकि लोग हेलमेट पहनना अपनी आदत में शामिल कर सकें।


