किसान को हनीट्रैप में फंसाकर 12 लाख मांगे:धार में जीजा-साले को 28 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा; रेप केस में फंसाने धमकी दी

धार में हनीट्रैप का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एक किसान को धार बुलाकर 28 घंटे तक बंधक बनाए रखा। रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे 12 लाख रुपए मांगे। उसके और साले के साथ हाॅकी और डंडे से मारपीट की। परिवार की सूचना पर पुलिस ने बुधवार देर रात दाेनों को छुड़ाया। मामले में मुख्य आरोपी कीर्ति शर्मा समेत गैंग में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी समीर पाटीदार के अनुसार परिवार की सूचना पर दो युवकों को गुरुवार रात करीब 12 बजे धार के इंद्रपुरी स्थित एक मकान से छुड़ाया है। इस मामले में कीर्ति शर्मा, शुभदीप पिता देवीलाल यादव (26) निवासी याम चरई महू (इंदौर), अनिल पिता बाबूलाल सोनी (31) निवासी इंद्रपुरी कॉलोनी धार, सोनू पति अनिल सोनी (30) निवासी इंद्रपुरी कॉलोनी धार, आकाश पिता छन्नू बत्री (20) निवासी राजगढ़ (धार) का पकड़ा गया है। जबकि सोनू की मां राजू बाई गिरफ्त से बाहर है। जानिए वारदात में किसकी क्या भूमिका रही? पुलिस को देखकर पांचों ने भागने की कोशिश की परिवार की सूचना पर पुलिस इंद्रपुरी कॉलोनी स्थित संजय परमार के घर पहुंची। दरवाजा भीतर से बंद था। खटखटाने पर एक महिला आई। दरवाजा खोलने को कहा तो वह टालने लगी। आखिरकार उसे गेट खोलना पड़ा। महिला से पीड़ित कपिल के बारे में पूछते ही वह घबरा गई। पुलिस महिला के साथ एक कमरे में पहुंची तो यहां 3 पुरुष और 1 महिला पलंग पर बैठे थे। इन्होंने दो व्यक्तियों को जमीन पर बैठा रखा था। वे काफी डरे हुए थे। पुलिस को देखकर पलंग पर बैठे पांचों लोगों ने भागने की कोशिश की। पुलिस के साथ आए पारिवारिक मित्र अखिलेश ने नीचे बैठे एक व्यक्ति की तरफ इशारा करते हुए कहा- यही कपिल जाट है। कपिल ने दूसरे व्यक्ति का नाम राजेंद्र पिता बलवंत सिंह चौहान (26) निवासी ग्राम कानवन (धार) बताया। उसने बताया कि राजेंद्र उसकी पत्नी का मुंहबोला भाई है, वह पत्नी के बताने पर मेरी मदद के लिए आया था। सोशल मीडिया के जरिए हुई थी युवती से मुलाकात कपिल ने पुलिस को बताया कि वह किसान है और भुन्नास गांव में रहता है। धार की कीर्ति शर्मा से तीन महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए जान-पहचान हुई थी। कीर्ति ने बताया कि वह इंदौर में रहती है। कई बार उसने मिलने के लिए मुझे इंदौर आने को कहा। मैंने तब मना कर दिया। करीब एक महीने पहले उसने मुझे बताया कि धार में उसकी मौसी की बेटी की शादी है, वहां मिलने आ जाओ। मैंने कहा- समय मिला तो जरूर आऊंगा। उसके जिद करने पर 11 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे बस से इंदौर पहुंचा, यहां से बस से धार आया। मैंने कीर्ति को कॉल कर बताया कि धार में घोटा चौपाटी पर खड़ा हूं। उसने कहा- रिक्शे वाले से मेरी बात करवा दो। उसके बताने पर रिक्शे वाले ने मुझे इंद्रपुरी कॉलोनी में दो शटर वाले एक मकान के सामने छोड़ दिया। शाम के करीब सवा 7 बजे रहे थे। कीर्ति ने दोनों शटर के बीच में लगा गेट खोला और मुझे भीतर बुला लिया। थोड़ी देर तक हम दोनों बात करते रहे। फिर मैंने कहा- कीर्ति रात हो रही है, शादी में चलते हैं। कीर्ति ने कहा- थोड़ी देर में चल रहे हैं। इसी दौरान अचानक से 2 महिला और तीन पुरुष कमरे में आ गए। उन्होंने आते ही कहा- तू हमारी लड़की के साथ गलत काम कर रहा था। पीड़ित बोला- बंधक बनाकर मेरे साथ मारपीट की कपिल ने बताया कि मैंने उनसे कहा- कीर्ति ने शादी का निमंत्रण दिया था, उसी में शामिल होने आया हूं। मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। उन्होंने मेरी एक नहीं सुनी और मुझे बंधक बना लिया। इनमें से एक ने अपना नाम शुभदीप बताया और कहा- मैं कीर्ति का पति हूं। मैंने कहा- कीर्ति ने कभी नहीं कहा कि वह शादीशुदा है। उसने मुझे पीटना शुरू कर दिया। मेरी चीख बाहर नहीं जाए, इसलिए टीवी में तेज साउंड में गाने चला दिए। शुभदीप के साथ कीर्ति की सहेली सोनू, उसका पति अनिल, सोनू का भाई आकाश और मां राजू बाई ने भी गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। खूब पीटने के बाद उन्होंने 12 लाख रुपए की मांग की। कीर्ति ने कहा- रुपए नहीं मिले तो तुझे रेप केस में अंदर करवा दूंगी। मैंने कहा- चाहो तो मुझे थाने ले चलो। यह सुनते ही अनिल डंडे से पीटने लगा और शुभदीप वीडियो बनाने लगा। सोनू ने मेरे मोबाइल से मेरी पत्नी शीतल को कॉल कर दिया। उसने कहा- तेरा पति हमारे कब्जे में है, 12 लाख रुपए भिजवा दे, नहीं तो जान से मार देंगे। कहा- पैसे का इंतजाम नहीं हुआ तो रेप केस में फंसाएंगे थोड़ी देर बाद मेरे मोबाइल पर कानवन निवासी साले राजेंद्र सिंह चौहान का कॉल आया। सोनू ने फोन उठाया। राजेंद्र ने पूछा- मेरे जीजाजी कहां हैं, तो सोनू ने कहा- धार में। रात करीब 9 बजे राजेंद्र ने फोन किया था। आकाश राजेंद्र को घर ले आया। यहां उन्होंने राजेंद्र को धमकाया कि 12 लाख की व्यवस्था नहीं की तो तुझे और तेरे जीजा को रेप केस में फसाएंगे। रातभर और अगले दिन भी दिनभर मारपीट की। हम दोनों के मोबाइल लेकर पत्नी-पिता और अन्य रिश्तेदारों को कॉल किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *