मुंबई एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान में लैंडिंग के दौरान तकनीकी दिक्कत आ गई। विमान के लैंडिंग गियर के लीवर में समस्या थी। यह विमान A321 नियो था, जो फ्लाइट नंबर 6E2157 के रूप में उड़ान भर रहा था। इसमें 210 से ज्यादा यात्री सवार थे। हालांकि, पायलट की समझदारी से विमान सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया गया। सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग गियर का ऑटोमैटिक सिस्टम काम नहीं कर रहा था, इसलिए पायलट ने मैनुअल सिस्टम का इस्तेमाल किया। बाद में तकनीकी खराबी को ठीक कर लिया गया। दिक्कत दूर होने के बाद विमान ने दूसरी उड़ानें भी सामान्य रूप से पूरी कीं। इस मामले पर इंडिगो एयरलाइंस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… कर्नाटक के मंदिर में मांस से भरी पॉलिथिन फेंकी, पुलिस जांच में जुटी कर्नाटक के बल्लारी में अंजनैया स्वामी मंदिर में आज सुबह मांस से भरा बैग मिला। मांस के टुकड़े देखे जाने के बाद लोगों ने पुलिस की घटना की जानकारी दी। मंदिर के पुजारी ने कहा कि मांस किसने फेंका इसकी जानकारी नहीं है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों से मुठभेड़ जारी, 3 नक्सली मारे गए; 1 जवान शहीद महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस के C-60 कमांडो और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। महिला नक्सली समेत 3 नक्सलियों के शव बरामद हुआ है। एक जवान भी शहीद हुआ है। पुलिस ने एक AK-47 और एक SLR जब्त की है। पुलिस ने कहा- गढ़चिरौली के जंगलों में नक्सली कैंप की सूचना मिली थी। मेघालय कोयला खदान हादसा; मरने वालों की संख्या 18 हुई, दो आरोपी गिरफ्तार मेघालय में हुए कोयला खदान धमाके में मरने वालों की संख्या अब 18 हो गई है। पुलिस ने खदान के 2 मालिकों को गिरफ्तार किया है। एसपी विकास कुमार ने गिरफ्तारी की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि कोर्ट में पेशी के बाद आरोपि नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। घटना थांगस्को इलाके में हुई थी। वहां पुलिस और SDRF की टीमें अभी भी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। कर्नाटक में फेक न्यूज पर रोक के लिए 67 करोड़ के AI टूल को सरकार ने मंजूरी दी
कर्नाटक सरकार ने सोशल मीडिया पर फेक न्यूज और भ्रामक कंटेंट पर रोक लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सोशल मीडिया एनालिटिक्स सॉल्यूशन (SMAS) लागू करने को मंजूरी दी है। इसकी लागत 67.20 करोड़ रुपए है। यह फैसला कर्नाटक सराकर की कैबिनेट बैठक में लिया गया। यह सिस्टम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वेबसाइट और अन्य डिजिटल माध्यमों की रियल-टाइम निगरानी करेगा। इसके जरिए फेक न्यूज, हेट स्पीच, ऑनलाइन गाली-गलौज, साइबर खतरों और भड़काऊ कंटेंट की पहचान की जाएगी। मद्रास हाइकोर्ट ने TVK प्रमुख एक्टर विजय की इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के 1.50 करोड़ के जुर्माने को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की मद्रास हाई कोर्ट ने शुक्रवार को TVK प्रमुख विजय की एक रिट याचिका खारिज कर दी। इसमें उन्होंने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसमें उन्हें 1.50 करोड़ रुपए का जुर्माना देने का निर्देश दिया गया था। टॉप रेटेड स्टार के फाइनेंशियल ईयर 2015-16 के दौरान कमाई गई अतिरिक्त इनकम का खुलासा न करने पर ये जुर्माना लगा था। जुर्माने को चुनौती देते हुए विजय ने 2022 में एक याचिका दायर की थी और जस्टिस सेंथिलकुमार राममूर्ति ने पिछले महीने रिट याचिका पर आदेश सुरक्षित रख लिया था। चेन्नई में सैकड़ों कौवों की मौत; जांच में H5N1 बर्ड फ्लू मिला, मरे पक्षी न छूने की सलाह चेन्नई में शुक्रवार को सैकड़ों कौवे मरे हुए पाए गए हैं। लैब टेस्ट में इनमें H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस मिला है। अधिकारियों ने सभी मरे कौवों और मुर्गियों के शवों को बायोसिक्योरिटी नियमों के तहत जलाने या गहराई में दफनाने के निर्देश दिए हैं। इससे वायरस आगे न फैले।
लोगों को सख्त हिदायत दी गई है कि मरे पक्षियों को हाथ न लगाएं। कोई मरा पक्षी दिखे तो तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचना दें। केंद्र के पशुपालन मंत्रालय ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। पत्र में आउटब्रेक रोकने के लिए तुरंत पूरी फील्ड निगरानी करने को कहा गया है। कर्नाटक के नेलमंगला के पास रात में टूरिस्ट बस में आग लगी, 30 यात्री सुरक्षित बेंगलुरु-तुमकुरु हाईवे पर नेलमंगला तालुक के हनुमंतपुरा गेट के पास एक टूरिस्ट बस में शुक्रवार तड़के आग लग गई। सभी 30 यात्री बाल-बाल बच गए। रात 1:30 बजे बेंगलुरु से कलबुर्गी जा रही संजना टूरिस्ट बस का ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क किनारे नाले में झुक गई और ऊपर से गुजरे बिजली के तार से छू गई। इससे चिंगारी निकली और पूरी बस में आग लग गई। श्रीनगर में आग लगने की दो घटनाओं में 9 घर और एक बेकरी यूनिट जलकर खाक श्रीनगर शहर में आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम नौ घर और एक बेकरी यूनिट क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को शहर के नौहट्टा इलाके के शामपोरा में एक घर में आग लग गई और घनी आबादी वाले इलाके में आग तेजी से आस-पास के घरों में फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि फायर एंड इमरजेंसी सर्विस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस घटना में कम से कम नौ घरों को नुकसान हुआ है। एक अन्य घटना में, शहर के नटीपोरा इलाके के बुडशाह नगर इलाके में एक बेकरी यूनिट में आग लग गई। इसमें बेकरी यूनिट पूरी तरह से नष्ट हो गई। सिक्किम के नामची में भूकंप, रिक्टर स्केल पर 4.0 तीव्रता दर्ज सिक्किम के नामची में शुक्रवार सुबह 4.0 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप पृथ्वी की सतह से 5 किमी की गहराई पर सुबह 3:11 बजे आया। भूकंप में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। श्रीनगर में पिता के साथ बेटा-बेटी ड्रग तस्करी करते गिरफ्तार, कार के साथ लाखों रुपए की हेरोइन जब्त जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित खानयार इलाके में पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपए की हेरोइन बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलजार अहमद मीर, उनकी बेटी मुस्कान गुलजार मीर और बेटे उबैद गुलजार के रूप में हुई है। पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल ड्रग सप्लाई में किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, ये लोग लंबे समय से श्रीनगर में नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि खानयार थाना पुलिस को ड्रग तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर एक वाहन को रोका गया, जिसकी तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी श्रीनगर में ड्रग्स की सप्लाई करके बड़ी रकम कमा चुके थे। जब्त वाहन को भी ड्रग तस्करी से हुई कमाई से खरीदे जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने खानयार थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अहमदाबाद में आसाराम के 500 करोड़ के मोटेरा आश्रम पर चलेगा बुलडोजर गुजरात हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के मामले में सजायाफ्ता आसाराम के अहमदाबाद स्थित मोटेरा आश्रम के भूखंड को अधिग्रहित करने की अनुमति दे दी है। मोटेरा में स्थित यह आश्रम आसाराम का मुख्य आश्रम है, जिसकी बाजार कीमत 500 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। हाईकोर्ट के इस फैसले के साथ वर्षों से चला आ रहा कानूनी विवाद समाप्त हो गया और आश्रम परिसर पर बुलडोजर कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। अहमदाबाद महानगर पालिका ने आश्रम परिसर में अवैध निर्माण और नियम उल्लंघन को लेकर समय-समय पर कई नोटिस जारी किए थे। जवाब में आश्रम प्रबंधन ने निर्माण को वैध घोषित कराने के लिए 30 से अधिक याचिकाएं दायर की थीं, जिससे मामला लंबे समय तक कोर्ट में उलझा रहा।


