तोषगांव| छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर पथरला (3 फरवरी) और पिरदा (2 फरवरी) वितरण केंद्रों में महोत्सव आयोजित किया। इसमें विद्युत विभाग की 25 वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को साझा किया गया। इस दौरान नियमित बिजली बिल भुगतान करने वाले घरेलू व कृषि उपभोक्ताओं, बीपीएल श्रेणी के आदर्श उपभोक्ताओं और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रथम पांच-पांच लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्युत विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्मार्ट मीटर और नई तकनीकों की जानकारी दी गई। भंवरपुर के सहायक अभियंता आरके बारीक ने कृषक जीवन ज्योति योजना, एकल बत्ती योजना और मोर बिजली एप के फायदों के बारे में बताया। उन्होंने पिरदा क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों में हुए बुनियादी ढांचे के विकास (4 नए उपकेंद्रों की स्थापना) पर भी प्रकाश डाला। पथरला में मुख्य अतिथि अभिमन्यु प्रधान (मंडल अध्यक्ष भाजपा) और पिरदा में सरपंच रंजन भोई ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। अतिथियों ने सोलर प्लांट स्थापना के लिए मिल रही सरकारी सब्सिडी का लाभ उठाने का आह्वान किया।


