बांसवाड़ा| रूपगढ़ तालाब में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। सिविल डिफेंस की टीम ने रविवार को युवक का शव बाहर निकाला। रविवार को करीब 18 घंटे बाद टीम ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया। पाटन थाना पुलिस के अनुसार रूपगढ़ पंचायत निवासी रूप सिंह (44) पुत्र हवजी भाभोर शनिवार दोपहर घर से तालाब में नहाने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। तालाब किनारे युवक के कपड़े मिलने पर डूबने की आशंका हुई, जिसके बाद पाटन थाना पुलिस को सूचना दी गई। थानाधिकारी सूरजमल खराड़ी जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं हो सका। रविवार सुबह जिला मुख्यालय से सिविल डिफेंस प्रभारी प्रशांत आचार्य के नेतृत्व में गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 3 घंटे बाद शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का कुशलगढ़ उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया, इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रेस्क्यू टीम में प्रशांत आचार्य, रवि हरिजन, राजा, आनंद गुर्जर, अजय डामोर, विनोद मईड़ा, राजू, अनिल डामोर, सतवीर डामोर, सतवीर राठौर, देवचंद, जितेंद्र यादव शामिल रहे।


