बांसवाड़ा| शहर के उदयपुर रोड स्थित मोहन कॉलोनी में संचालित एसके फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के कलेक्शन एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला कोतवाली थाने में दर्ज कराया गया है। कंपनी का आरोप है कि एजेंट ने ग्राहकों से किश्तों की राशि वसूल की, लेकिन पूरी रकम कंपनी में जमा नहीं कराई। कंपनी के लीगल ऑफिसर भावेश नायक की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया गया कि आंबापुरा क्षेत्र के बोरखाबर निवासी श्रवण कुमार मईड़ा ने 13 सितंबर 2023 को कंपनी के कलेक्शन विभाग में कस्टमर रिलेशनशिप ऑफिसर और कलेक्शन एजेंट के पद पर काम शुरू किया था। उसका काम कंपनी से लोन लेने वाले ग्राहकों से संपर्क कर किश्तों की राशि वसूल कर कंपनी में जमा कराना था। जांच में सामने आया कि श्रवण कुमार मईड़ा ने 31 दिसंबर 2024 को 6 ग्राहकों से किश्तों की राशि वसूली। इसमें राकेश रावत से 12 हजार 147 रुपए, अमरू निनामा से 13 हजार 855 रुपए, दिनेश कटारा से 18 हजार 270 रुपए, रमेश से 11 हजार 500 रुपए, मणिलाल चरपोटा से 9 हजार 128 रुपए और बंशीलाल मईड़ा से 4 हजार 800 रुपए शामिल हैं। इस तरह कुल 69 हजार 700 रुपए की राशि एकत्रित की गई। आरोप है कि आरोपी ने यह रकम कंपनी में जमा नहीं कराई और अपने पास रख ली। कंपनी की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए। करीब छह माह बाद आरोपी ने 44 हजार 770 रुपए कंपनी में जमा कराए, लेकिन शेष 24 हजार 930 रुपए अब तक जमा नहीं किए गए। इसके बाद कंपनी ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। कोतवाली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ग्राहकों से भी पूछताछ की जा रही है।


