बाड़मेर | चिंदरियों की जाल और जूना किराडू मार्ग पर वाहनों की आवाजाही से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संकरे मार्ग पर बड़े वाहनों के चलने से आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कई बार समझाइश के बावजूद भारी वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हैं। -प्रतिभा की रिपोर्ट बाड़मेर | शहर के शास्त्री नगर अंडरब्रिज में गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। अंडरब्रिज में आए दिन गंदा पानी भर जाने से पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सप्ताह में दो से तीन बार पानी भर जाता है, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों को दिक्कत उठानी पड़ती है। – मनोज आचार्य की रिपोर्ट बाड़मेर | रीको क्षेत्र स्थित पार्क में लगी अधिकांश लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हुई हैं, जिससे शाम ढलते ही पार्क अंधेरे में डूब जाता है। इसका सीधा असर वहां टहलने आने वाले लोगों पर पड़ रहा है। अंधेरे के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को असुरक्षा का भय बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद लाइटों की मरम्मत नहीं करवाई गई। करणाराम की रिपोर्ट बाड़मेर | शहर के सुभाष चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास बने सार्वजनिक मूत्रालय की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। यहां प्रतिदिन गंदगी फैली रहने से आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों का रुकना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदारों की ओर से नियमित सफाई नहीं करवाई जा रही। वहीं निकासी के पाइप अवरूद्ध होने से लोगों को परेशानी हो रही है। कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। । -रतनलाल की रिपोर्ट


