भास्कर न्यूज |बाड़मेर स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की सफलता के लिए जोधपुर संभाग स्तरीय एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यशाला शनिवार को जोधपुर नगर निगम मीटिंग हॉल में आयोजित हुई। इस कार्यशाला में नगर परिषद बाड़मेर की टीम ने भाग लिया। स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव रवि जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में संभाग के सभी नगरीय निकायों के अधिकारी शामिल हुए। रवि जैन ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण महज रैंकिंग प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहरों की जीवन-गुणवत्ता सुधारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आम जनता के फीडबैक को सर्वोच्च प्राथमिकता, स्कूलों-धार्मिक स्थलों पर व्यवहार परिवर्तन, विजिबल स्वच्छता, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं प्रसंस्करण पर विशेष जोर दिया। कार्यशाला में नगर परिषद बाड़मेर के पूर्व सर्वेक्षण में प्राप्त अव्वल स्थान की सराहना की। सहायक अभियंता पुरखाराम, स्वच्छ भारत मिशन से रमेश कड़ेला सहित अन्य निकाय स्तर के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता सूर्य प्रकाश संचेती ने बताया कि इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में टीम कार्य के साथ बाड़मेर को अच्छी रैंक लाने में मेहनत करेंगे। परिणाम पहले से बेहतर लाएंगे। सभी निकायों को युद्ध स्तर पर तैयारी एवं ग्राउंड लेवल कार्य तेज करने का आह्वान किया गया।


