सागर | विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद चल रही दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया अब बंद हो गई है। अब तक जो दावे-आपत्तियां आई हैं, उनका निराकरण 14 फरवरी तक किया जाएगा। इसके साथ ही नए नाम जुड़ने, नाम-पते में सुधार आदि भी अब सिर्फ उन्हीं आवेदनों में होगा, जो 7 फरवरी तक निर्वाचन आयोग को मिले। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को होना है। जिले में 25 हजार नाम नो-मैपिंग के थे, जिनमें से अब तक 17780 के नाम योग्य पाए गए हैं। 1586 के नाम हटना तय हो गए हैं। अन्य पर जांच चल रही है। वहीं नो-मैपिंग और लॉजिकल एरर वाले कुल 3 लाख 95 हजार 201 नामों में से अब तक 3 लाख 80 हजार 981 नामों का सत्यापन हो गया है। 14 हजार 220 नामों का सत्यापन अभी बाकी रह गया है। यह काम 10 फरवरी तक करना है। नए नाम जुड़वाने के लिए 31 हजार से अधिक आवेदन आए हैं। 21 फरवरी को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद ही साफ हो सकेगा कि किस विधानसभा क्षेत्र में कितने नाम नए जुड़े और वहां कुल मतदाताओं की फाइनल संख्या क्या रही।


