धौलपुर| शहर में माधव बस्ती के ओडेंला रोड निजी स्कूल में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया,जिसमें पूर्व जिला जज अशोक सक्सैना ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया, वहीं संत पागल बाबा, कबीर आश्रम के संत अमृत साहेब, आर्य समाज की महिला प्रधान शारदा आर्य एवं संत सेवाराम ने अतिथि रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अपने आशीर्वचन में संत पागल बाबा ने सनातन धर्म और हिंदुत्व को भारत के सामाजिक और सांस्कृतिक आधार के रूप में प्रस्तुत करते हुए उसकी राष्ट्रीय भूमिका पर प्रकाश डाला वहीं अमृत साहेब ने हिंदू समाज से जातिवाद के बंधन को तोड़ने की अपील की। शारदा आर्य ने भी हिंदू एकता पर बल दिया। मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए अशोक सक्सैना ने कहा कि इतिहास में जब-जब हिंदू समाज कमजोर और विभाजित हुआ, तब-तब भारत कमजोर हुआ। उन्होंने पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह सब विभाजन के परिणामस्वरूप पैदा हुए। उन्होंने महर्षि अरविंद के उद्धरण को दोहराते हुए कहा, “सनातन गिरेगा तो भारत गिरेगा, और सनातन उठेगा तो भारत उठेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सनातन धर्म का संगठन महज धार्मिक या सांस्कृतिक आवश्यकता नहीं है। यह भारत को एक सशक्त राष्ट्र और विश्व में मार्गदर्शक बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और हिंदुत्व न केवल भारत की आत्मा हैं, बल्कि वैश्विक कल्याण की भावना भी उसी में निहित है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व की मूल भावना ‘सर्वे भवंतु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ पर आधारित है, जो पूरे विश्व के कल्याण की कामना करता है।


