गढ़वा | सदर एसडीएम संजय कुमार ने रविवार को औचक निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल के सामने संचालित एक अल्ट्रासाउंड केंद्र को एहतियातन अगले आदेश तक बंद करा दिया। यह कार्रवाई हाल ही में हुई एक प्रसूता की मौत की जांच के क्रम में अल्ट्रासाउंड केंद्र पहुंचे एसडीएम की पूछताछ के बाद की गई। जानकारी के अनुसार एसडीएम हेल्थकेयर अल्ट्रासाउंड केंद्र से कुछ आवश्यक सूचनाएं प्राप्त करने पहुंचे थे। इसी दौरान केंद्र में संदिग्ध गतिविधियां पाई जाने पर वहां मौजूद कर्मियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने, अल्ट्रासाउंड से संबंधित रिकॉर्ड संधारित नहीं पाए जाने तथा अनधिकृत व्यक्ति द्वारा अल्ट्रासाउंड किए जाने की प्रथमदृष्टया पुष्टि होने पर एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से केंद्र को बंद करने का निर्देश दिया। उन्होंने फोन पर ही गढ़वा सिविल सर्जन को भी सूचित कर दिया। उक्त अल्ट्रासाउंड केंद्र पर किसी डॉक्टर विजय का नाम सूचीबद्ध है। लेकिन निरीक्षण के दौरान वहां किसी अन्य अनधिकृत व्यक्ति द्वारा अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। उक्त व्यक्ति के पास निर्धारित योग्यता भी नहीं थी। हालांकि शुरू में उसने अपने को योग्य बताया। किंतु बाद में उसने ईमानदारी से स्वीकार कर लिया कि उसके द्वारा दावा की गई डिग्री असली नहीं है। जांच में स्पष्ट हुआ कि सरिता नाम की किसी सहिया द्वारा रोगियों को लाया जाता था।


