केतार| परसोडीह हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित शहीद नीलांबर पीतांबर कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन 9 के फाइनल मुकाबले में भवनाथपुर ने केतार को 5 रनों से हराकर फाइनल मुकाबला जीत लिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भवनाथपुर की टीम ने 16.2 ओवर में 230 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भवनाथपुर की ओर से मनोज ने 27 गेंदों में ताबड़तोड़ 103 रनों की पारी खेली वहीं कप्तान अर्पित ने 11 गेंद में 26 रनों की पारी खेली। 230 रनों का विशाल लक्ष्य का चेस करने उतरी केतार टीम 19.1 ओवर में 225 रन बना सकी। केतार की ओर से डबलू ने 50 गेंद में 139 रन बनाकर मैच रोमांच कर दिया। लेकिन दूसरे छोर के बल्लेबाज उनका साथ नहीं निभा सकें। इस तरह भवनाथपुर ने इस मैच को अंतिम ओवर में जीत लिया। विजेता टीम को मुख्य अतिथि हैप्पी प्रताप शाही और पूर्व मुखिया अनिल पासवान ने 25000 रुपए और ट्राफी और उपविजेता टीम को 20 हजार रुपए और ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। गढ़वा | शहर के चिरौजिया मोड़ स्थित राधिका नेत्रालय में एक विशेष निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राधा लक्ष्मी ट्रस्ट और जिला अंधापन नियंत्रण समिति (डीबीसीएस) गढ़वा के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस शिविर में आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लोगों को निःशुल्क नेत्र उपचार की सुविधा दी गई। शिविर के दौरान 50 जरूरतमंद मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। खास बात यह रही कि इस श्रृंखला के अंतर्गत अब तक कुल 2626 मरीजों की आंखों की रोशनी लौटाई जा चुकी है, जो जिले के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है। नेत्रालय की संचालिका पायल गुप्ता और प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक पहुंचना है जो आर्थिक कारणों से नेत्र चिकित्सा नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से मरीजों को जांच, ऑपरेशन, दवाएं और देखभाल की सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर को सफल बनाने में अस्पताल के समर्पित स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही। स्वास्थ्यकर्मी सेवा भाव से हर मरीज की देखभाल में जुटे रहे, ताकि किसी भी मरीज को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बुधवार को भी राधिका नेत्रालय में भी ऑपरेशन का आयोजन किया गया है।


