डंडई में ऊंचे ठोकर से बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं आक्रोशित लोगों ने सड़क निर्माण कार्य रोका

भास्कर न्यूज | डंडई डंडई प्रखंड क्षेत्र के करके गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रहे सड़क निर्माण कार्य को ग्रामीणों ने रोक दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा मनमाने तरीके से सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ गई है।ग्रामीण श्रवण चंद्रवंशी, कन्हैया प्रजापति, रणधीर सिंह, विनोद यादव, मनोज प्रजापति, उमेश यादव, अरविंद विश्वकर्मा, अखिलेश यादव, प्रमोद प्रजापति, मनदीप सिंह, रंजीत विश्वकर्मा, दिनेश साव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि करके सिवान से हरादाग खुर्द तक लगभग एक किलोमीटर सड़क के अंदर 27 ऊंचे ठोकर (ब्रेकर) बना दिए गए हैं। इन ऊंचे ब्रेकरों के कारण वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार अब तक दर्जनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिसमें कई लोगों के हाथ-पैर टूट चुके हैं तथा कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।ग्रामीणों ने बताया कि इन ठोकरों के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से गंभीर बीमारी से ग्रस्त मरीजों और प्रसूता महिलाओं को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने में काफी परेशानी होती है और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो जाती है, जिससे उनकी जान को भी खतरा उत्पन्न हो रहा है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। एक स्थान पर पुलिया में टूटा हुआ भव लगा दिया गया है, जिससे पुलिया कमजोर हो गई है। ग्रामीणों ने पूर्व में ही पुलिया को दुरुस्त करने तथा नया भव लगाने की मांग संवेदक से की थी, जिस पर संवेदक द्वारा आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक सुधार कार्य नहीं किया गया है।ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य सोनेहारा की ओर से न कर हरादाग की ओर से कराया जाए तथा निर्माण कार्य इंजीनियर की उपस्थिति में ही कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक सड़क निर्माण कार्य बंद रहेगा।वहीं मामले को लेकर संवेदक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान गांव के कुछ लोगों द्वारा कर्मियों से जबरन ठोकर ब्रेकर बनवा लिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के नियमों के अनुसार इतने अधिक और ऊंचे ब्रेकर नहीं होने चाहिए। प्रशासन की सहायता लेकर अतिरिक्त ब्रेकर को हटाया जाएगा। इस संबंध में सड़क के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य बंद होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांगों की जांच की जाएगी। यदि सड़क निर्माण में नियमों के विरुद्ध ऊंचे ब्रेकर बनाए गए हैं, तो नियम के अनुसार आवश्यक ब्रेकर छोड़कर बाकी ब्रेकर हटाए जाएंगे।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा जनहित में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *