भास्कर न्यूज | गिरिडीह रणधीर वर्मा ट्रॉफी सीनियर मेन्स टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में गिरिडीह ने लातेहार को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। यह जीत गिरिडीह की लगातार तीसरी जीत रही। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित रणधीर वर्मा ट्रॉफी में लीग स्टेज के ग्रुप सी की टॉपर टीम गिरिडीह का मुकाबला ग्रुप डी की दूसरे नंबर की टीम लातेहार से हुआ। गिरिडीह कॉलेज के मैदान में खेले गए 50-50 ओवर के इस मुकाबले में लातेहार ने टॉस जीतकर मेजबान टीम गिरिडीह को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गिरिडीह की टीम 48 ओवर में 234 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की तरफ से योगेंद्र कुमार ने 96 गेंदों पर 61 रन और साकेत केडिया ने 36 गेंदों में 48 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। लातेहार की ओर से रौनक दुबे ने 6 ओवर में एक मेडन सहित 33 रन देकर 3 विकेट लिए। 235 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लातेहार की टीम गिरिडीह की प्रभावशाली गेंदबाजी के आगे 220 रन पर ऑल आउट हो गई। लातेहार की तरफ से धनंजय और प्रभात कुमार ने समान रूप से 50-50 रन बनाकर टीम को बढ़त दिलाने की कोशिश की, लेकिन यह प्रयास पर्याप्त साबित नहीं हुआ। गिरिडीह की ओर से फराज अंसारी ने 7 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि साकेत केडिया ने 6 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट झटके। ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले साकेत केडिया ने 48 रन और 2 विकेट लिया था, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के मौके पर गिरिडीह जिला क्रिकेट संघ के सचिव संतोष तिवारी और सभी सदस्य उपस्थित रहे। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से रेफरी मनीष वर्धन, स्कोरिंग की भूमिका में सौमित सामंता तथा अंपायर के रूप में रुपेश कुमार और अरविंद कुमार सिंह मौजूद थे।


