राज्य सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर 12 से 17 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसको लेकर कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी अधिकारियों की बैठक लेते हुए सभी कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित आयोजन व अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि 12 दिसंबर को सुबह 8 बजे जिला मुख्यालय पर रन फॉर विकसित राजस्थान व 11 बजे युवा सम्मेलन एवं रोजगार उत्सव का आयोजन होगा। रन फॉर विकसित राजस्थान विवेकानंद सर्किल, गांधी खेल मैदान से शुरू होकर रोडवेज डिपो चौराहा, नेहरू पार्क होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठी नातमाम में पहुंचेगी। इसके बाद युवा एवं रोजगार उत्सव का आयोजन कृषि ऑडिटोरियम में 11 बजे किया जाएगा। जहां नव चयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।युवा एवं रोजगार उत्सव के नोडल प्रभारी एवं सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि गुरुवार (12 दिसंबर) को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र एवं वेलकम किट देंगे। जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर भी कृषि ऑडिटोरियम में यह कार्यक्रम देखा जा सकेगा। इस दौरान नव नियुक्त कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। सीएमएचओ ने बताया कि जिले में 392 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इनमें 337 चिकित्सा विभाग, 16 कृषि विभाग, 15 शिक्षा विभाग, 16 आयुर्वेद विभाग, 8 यूनानी विभाग के नवनियुक्त कर्मचारी शामिल है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं को टैबलेट एवं साइकिल का वितरण किया जाएगा तथा उच्च शिक्षा विभाग की ओर से स्कूटी वितरण होगा। 13 से 17 दिसंबर तक ये कार्यक्रम होंगे:कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 13 दिसंबर सुबह 11 बजे कृषि ऑडिटोरियम में ही किसान सम्मेलन का आयोजन होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की द्वितीय किश्त जारी करने, किसानों को फव्वारा संयंत्रों की स्थापना के लिए अनुदान राशि का हस्तांतरण, फार्म पौंड, पाइप लाइन, तारबंदी, वर्मी कम्पोस्ट, किसानों को कृषि यंत्रों एवं जैविक खाद के लिए अनुदान, सौर ऊर्जा पंपों की स्वीकृतियां, गोदाम निर्माण, गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, पशुपालकों के लिए 5 रुपए प्रति लीटर अनुदान डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण, डेयरी बूथ का आवंटन आदि कार्य किए जाएंगे। कृषि ऑडिटोरियम परिसर में14 दिसंबर को राज्य सरकार के विकास कार्यों से संबंधित जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। साथ ही जिला विकास पुस्तिका का विमोचन तथा प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाएगा। वहीं महिला सम्मेलन के तहत लखपति दीदी का सम्मान, स्वयं सहायता समूहों को राशि का हस्तांतरण, राज सखी पोर्टल का शुभारंभ, नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत अनुदान आंगनबाड़ी केंद्रों पर दूध के लिए मुख्यमंत्री अमृत आहार की शुरुआत, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत राशि का हस्तांतरण, लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत प्रथम किश्त का हस्तांतरण, बालिकाओं को स्कूटी वितरण आदि आयोजन होंगे। 15 दिसंबर को अंत्योदय सेवा शिविर आयोजित कर दिव्यांगों को स्कूटी, कृत्रिम उपकरण, मुख्यमंत्री विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ, निर्माण श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत राशि का हस्तांतरण, मुख्यमंत्री स्व निधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर को ऋण की स्वीकृति, स्वास्थ्य आपके द्वार अभियान सहित विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इसी दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 17 दिसंबर को ईआरसीपी संशोधित पीकेसी के शिलान्यास प्रथम चरण का सहित प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक आयुष्मान मॉडल सीएचसी, वन मित्रों के द्वारा पौधों की देखरेख सहित विभिन्न कार्यक्रमों का राज्य स्तर से शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जाएगा।


