भाजपा नेता तरनजीत सिंह संधू ‘समुंदरी’ ने अमृतसर के वल्ला स्थित गोला-बारूद डिपो (एम्युनिशन डिपो) के आसपास निर्माण कार्यों पर लगी पाबंदियों को लेकर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान संधू ने अमृतसर फ्रूट एंड वेजिटेबल मर्चेंट्स एसोसिएशन द्वारा सौंपे गए मांग पत्र को रक्षा मंत्री के समक्ष रखा और क्षेत्र के हजारों व्यापारियों व निवासियों को राहत देने की अपील की। संधू ने रक्षा मंत्री को बताया कि वल्ला में स्थित एम्युनिशन डिपो के कारण 1000 गज के दायरे में किसी भी तरह के निर्माण कार्य पर सख्त प्रतिबंध है। यह प्रतिबंध वर्ष 2004 में लगाया गया था, लेकिन पिछले दो दशकों में अमृतसर शहर का विस्तार काफी अधिक हो चुका है। अब यहक्षेत्र अमृतसर नगर निगम की सीमा के भीतर और घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र के बीच आ गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मामले को ध्यानपूर्वक सुना और इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।


