त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के लिए सुरक्षा व्यवस्था एवं तैयारी का जायजा लेने बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा और एसपी बैंकर वैभव गुरुवार को बलरामपुर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र चुनचुना-पुंदाग पहुंचे। उन्होंने अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने नक्सल प्रभावित चुनचुना, पुंदाग, जलजली, नावाडीहखुर्द, गदामी और कुदाग में बने मतदान केंद्र का जायजा लिया। कुसमी ब्लॉक में पहले चरण में 17 जनवरी को मतदान होगा। कलेक्टर एवं एसपी ने मतदान केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्र में दर्ज मतदाताओं की संख्या संबंधित जानकारी ली। कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं एसपी वैभव बैंकर ने सुरक्षित मतदान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में फोर्स द्वारा सघन सर्चिंग की जा रही है। करीब दो दशक तक यह इलाका घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। वर्ष 2003 एवं बाद के वर्षों में कई चुनाव में पोलिंग पार्टियों को हेलीकाप्टर से भी भेजा गया था। नक्सली पोस्टर मिलने के बाद बढ़ी चिंता
एक सप्ताह पूर्व क्षेत्र में नक्सली पोस्टर अटल चौक एवं अन्य स्थानों पर चिपके हुए मिले थे। छत्तीसगढ़ एवं झारखंड की फोर्स द्वारा बूढ़ा पहाड़ में चलाए गए संयुक्त सर्चिंग अभियान के बाद पहली बार इलाके में ये नक्सली पोस्टर मिले हैं। हालांकि इसके बाद भी नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईएडी बरामद किए जाते रहे हैं। नक्सली पोस्टर चिपके मिलने के बाद से क्षेत्र में नक्सलियों की सर्चिंग तेज कर दी गई है और मुखबिरों से जानकारी भी एकत्र की जा रही है। इलाके की पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से चुनचुना, पुंदाग व अन्य गांवों तक पहुंचेगी एवं वापस आएंगी। स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण
कलेक्टर एवं एसपी ने कुसमी के बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। यहां निकाय चुनाव के ईव्हीएम रखे गए हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जनपद पंचायत परिसर में स्ट्रांग रूम बनाया गया है, जहां से पोलिंग पार्टिंया सामान उठाएंगी एवं जमा करेंगीं।


