बायपास के रालामंडल जंक्शन पर बने फ्लायओवर पर सोमवार से ट्रैफिक शुरू हो जाएगा। रविवार को ट्रायल किया गया। ब्रिज पर फिनिशिंग से जुड़े कुछ काम बाकी हैं। ट्रैफिक की आवाजाही के साथ ही ये काम भी चलते रहेंगे। वहीं अगले हफ्ते लोड टेस्टिंग भी अलग से की जाएगी। इस फ्लायओवर के शुरू होने से बायपास पर हर दिन एक लाख से ज्यादा वाहनों की राह आसान होगी। ब्रिज बनने से पहले और ब्रिज बनने के दौरान यहां आए दिन ट्रैफिक जाम होता था। अकसर हादसे भी होते थे। रालामंडल अभयारण्य के पास बायपास पर इस फ्लायओवर का काम जनवरी 2023 में शुरू हुआ था। इसकी डेडलाइन जुलाई 2024 की थी। तय समय सीमा से डेढ़ साल बाद फ्लायओवर बन सका है। रालामंडल के जिस जंक्शन पर यह फ्लायओवर बन रहा, वहां इंदौर शहर से तिल्लौर, तिंछा तरफ जाने वाले ट्रैफिक को भी इससे राहत मिलेगी। तिल्लौर, तिंछा के बाद आगे खंडवा रोड से भी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। फ्लायओवर नहीं होने से यहां एक्सीडेंट स्पॉट भी बन चुका था। एमआर-10 जंक्शन फ्लायओवर भी इस साल बारिश से पहले शुरू हो सकता है बायपास के ही एमआर-10 जंक्शन पर थ्री लेयर फ्लायओवर और अंडरपास का काम भी जारी है। यह फ्लायओवर भी बारिश से पहले शुरू हो सकता है। 1.8 किलोमीटर लंबे इस फ्लायओवर में दो अलग-अलग स्ट्रक्चर बने हैं। एक बेस्ट प्राइस के सामने और एक फीनिक्स मॉल के सामने। दोनों में स्लैब कास्टिंग लगभग पूरी हो गई है। एबी रोड से शहर में एंट्री के लिए यही जंक्शन सबसे मुख्य है। यहां ब्रिज तैयार होने के बाद जो ट्रैफिक देवास तरफ से आकर विजय नगर, निपानिया, बॉम्बे हॉस्पिटल, रेडिसन, स्टार चौराहा, एमआर-10 तरफ आता है, उसे बहुत राहत मिलेगी।


