उद्योग नगर थाना क्षेत्र के MIA फूड पार्क स्थित G1-177 बृज एग्रो इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। फैक्ट्री से सरसों सहित अन्य कीमती सामान चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने अब मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि चोरी की घटना 13 नवंबर से पहले की बताई जा रही है। परिवादी का आरोप है कि चोरी के बाद वह लगातार तीन महीने तक थाने के चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मनीष यादव का कहना है कि जब स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने एक वरिष्ठ अधिकारी से फोन करवाया, इसके बाद जाकर FIR दर्ज की गई। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज करते समय एसएचओ ने यह भी कहा कि “रिपोर्ट दर्ज करवाने का क्या फायदा, कुछ नहीं मिलेगा।” फैक्ट्री संचालक मनीष यादव ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी फैक्ट्री से करीब 250 बोरी सरसों, एक डबल पंखा, एक सिंगल पंखा, CCTV DVR, 100 किलो का कांटा, 5 कुर्सियां, इन्वर्टर व बैट्री चोरी हो गई। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पीड़ित के अनुसार चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला खोलकर प्रवेश किया, इसके बाद शेड के दोनों ताले तोड़कर अंदर घुसे और फिर ऑफिस का ताला खोलकर सारा सामान चोरी कर लिया। उस समय फैक्ट्री में धर्मेन्द्र सैन नाम का चौकीदार तैनात था। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि इससे पहले जुलाई माह में भी फैक्ट्री में चोरी हो चुकी थी, लेकिन तब FIR दर्ज नहीं कराई गई थी। उस समय मोटर स्टार्टर, 10MM केबल, 10 HP की मोटर और टूल बॉक्स चोरी हुए थे। मनीष यादव ने आशंका जताई है कि यह दूसरी बार चोरी चौकीदार की सहमति से की गई है। उन्होंने बताया कि मार्केट डाउन होने के कारण फैक्ट्री कुछ समय के लिए बंद करनी पड़ी थी और वह अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में फैक्ट्री आए थे। उस दौरान सारा सामान सुरक्षित था और चौकीदार भी मौजूद था। चोरी की घटना अक्टूबर से 13 नवंबर के बीच की बताई जा रही है।


