भिंड के उमरी थाना क्षेत्र से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें शादी का झांसा देकर एक युवती से संबंध बनाने, उसके आपत्तिजनक फोटो–वीडियो लेने और बाद में उन्हीं के आधार पर धमकी देकर शोषण करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने यह एफआईआर महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर थाने में दर्ज कराई है, जिसे अब शून्य पर दर्ज कर रविवार भिंड पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। उमरी थाना पुलिस पूरे मामले की विवेचना में जुट गई है। ये है पूरा मामला उमरी थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि करीब तीन साल पहले ईश्वरी गांव के रहने वाले युवक शिवम सिंह ने उससे प्रेम संबंध स्थापित कर शादी का वादा किया। इसी भरोसे पर युवक ने उससे शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान युवती के न्यूड फोटो और वीडियो भी अपने पास रख लिए। बाद में युवक ने शादी से इनकार कर दिया और फोटो–वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर लगातार दबाव बनाता रहा। प्रेम प्रसंग फिर शादी का वादा पीड़िता के अनुसार वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात ईश्वरी गांव निवासी शिवम सिंह पुत्र हवलदार सिंह से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। दोनों एक ही जाति के होने के कारण विवाह की बात भी तय होने लगी। इसी दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक फोटो–वीडियो बना लिए। वादे से मुकरा फिर ब्लैकमेलिंग की कुछ समय बाद युवक अपने वादे से मुकर गया। जब युवती ने शादी की बात की तो उसने साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद युवक फोटो और वीडियो के आधार पर युवती को ब्लैकमेल करने लगा। जब भी युवती गांव आती, वह इन्हीं धमकियों के जरिए उससे जबरन संबंध बनाता। विरोध करने पर सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। पीड़िता का पिता मुंबई में करता जॉब पीड़िता वर्तमान में अपने पिता के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रहती है। युवक भी कुछ समय से मुंबई में एक लकड़ी की फैक्ट्री में काम कर रहा था और उसका ईश्वरी गांव आना-जाना बना रहता था। लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर युवती ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों के साथ उसने 6 जनवरी 2026 को उल्हासनगर थाने में आरोपी के खिलाफ बलात्कार, धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं में शून्य पर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस का पक्ष उमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि युवती की शिकायत पर महाराष्ट्र पुलिस द्वारा दर्ज केस डायरी भिंड पुलिस को सौंप दी गई है। मामला उमरी थाना क्षेत्र से संबंधित होने के कारण यहां विवेचना की जा रही है। आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। पीड़िता के बयान भी दर्ज किए जाएंगे और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


