इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित मोती तबेला इलाके में नशे की हालत में हनुमान मंदिर के पास पेशाब करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीनों का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। रावजी बाजार पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को मंदिर के बाहर नशे की हालत में तीन युवकों ने आपत्तिजनक हरकत की थी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता तन्नू शर्मा ने इस मामले की जानकारी रावजी बाजार पुलिस को दी और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने की चेतावनी भी दी थी। फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ा पुलिस ने वीडियो और स्थानीय रहवासियों द्वारा उपलब्ध कराए गए CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रविवार को अर्पित चौहान, राजा दुबे और कमल अहिरवार को पकड़ लिया। आरोपियों ने कान पकड़कर माफी मांगी थाने में पूछताछ के दौरान तीनों युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कान पकड़कर माफी मांगी और कहा कि वे नशे की हालत में थे और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए क्षमा चाहते हैं।


