अमृतसर देहाती क्षेत्र के अजनाला में आज तड़के करीब 4 बजे एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। अजनाला क्षेत्र में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार अपनी बेटी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बाद दवा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि कार चला रहे युवक को चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को प्राथमिक उपचार दिलवाया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार अन्य सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक ट्रॉली समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा कैसे हुआ। साथ ही फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश जारी है।


