BJP विधायक ने अनुराग ठाकुर को मुख्यमंत्री बोला:जम्वाल के बयान से पार्टी में हलचल, सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो

हिमाचल प्रदेश भाजपा में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हुई हैं। वजह, भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल का एक बयान बना है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, बिलासपुर बरमाणा के कहलूर में बीती शाम (रविवार) को वॉलीबॉल चैंपियनशिप के समापन समारोह में सांसद अनुराग ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान, बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल की जुबान फिसल गई। मंच से संबोधन के दौरान उन्होंने सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को ‘सम्मानीय मुख्यमंत्री’ कहकर संबोधित कर दिया। हालांकि बाद में उन्होंने मुख्य अतिथि कहा। क्यों अहम है यह बयान? यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब भाजपा के भीतर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अंदरूनी लड़ाई खुलकर सामने आ चुकी है। अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनोट खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बता चुकी हैं। पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का नाम भी लगातार चर्चा में है। इसके अलावा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सांसद अनुराग ठाकुर को भी संभावित दावेदारों के तौर पर देखा जा रहा है। जयराम ठाकुर कंगना-अनुराग को लपेट चुके इससे पहले, अक्टूबर 2025 में जयराम ठाकुर भी एक सार्वजनिक कार्यक्रम में किसी नेता का नाम लिए बगैर अनुराग ठाकुर और कंगना रनोट को खरी-खरी सुना चुके हैं। तब जयराम ने कहा- BJP हाईकमान की व्यवस्थाओं के अनुरूप चलने वाली पार्टी है। पार्टी का सीएम चेहरा कौन होगा, यहां स्वयं नेता नहीं, बल्कि पार्टी हाईकमान तय करता है। अनुराग के पक्ष में नारे लगने के बाद भड़के थे जयराम जयराम ने कहा- कुछ नेता स्वयं ही खुद को प्रमोट करने में लगे हैं। उन लोगों को मैं (जयराम) स्पष्ट कहना चाहता हूं कि न तो पार्टी में ऐसा पहले हुआ है और न ही कभी ऐसा होने वाला है। उन्होंने पूछा, क्या आप अभी पार्टी हाईकमान की इन व्यवस्थाओं से परिचित नहीं हो पाए? जयराम की प्रतिक्रिया मंडी में एक कार्यक्रम में अनुराग समर्थकों द्वारा ‘हिमाचल का मुख्यमंत्री कैसा हो, अनुराग ठाकुर जैसा हो’ नारे लगाने के बाद आई थी। अगले साल दिसंबर में होने हैं चुनाव हालांकि, राज्य में अभी विधानसभा चुनाव को लगभग पौने दो साल का वक्त है। प्रदेश में विस चुनाव दिसंबर 2027 में होने हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं भाजपा की आंतरिक राजनीति और भविष्य की रणनीति को लेकर नए सियासी संकेत दे रही हैं। कांग्रेस बार-बार ले रही चुटकी हिमाचल कांग्रेस भी बार-बार भाजपा में सीएम दावेदारों को लेकर चुटकी लेती है। सीएम सुक्खू सार्वजनिक मंच से बार-बार कह रहे हैं कि भाजपा में पांच गुट हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *